Headlines

सहारनपुर कलेक्ट्रेट स्थित मस्जिद में बाहरी लोगों के नमाज पढ़ने पर रोक

सहारनपुर – उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद में अब बाहरी लोग जुमे की नमाज नहीं पढ़ सकेंगे। प्रशासन ने यह फैसला कलेक्ट्रेट परिसर में बढ़ती भीड़ और आवागमन में हो रही परेशानी को ध्यान में रखते हुए लिया है।

मस्जिद के मुत्तवल्ली मोहम्मद तनवीर ने बताया कि जुम्मे के दिन मस्जिद में नमाजियों की संख्या बढ़ जाने से कलेक्ट्रेट परिसर में रास्ता बाधित हो जाता था। इस कारण प्रशासन और मस्जिद कमेटी ने मिलकर यह निर्णय लिया कि अब बाहरी लोग यहां नमाज नहीं पढ़ पाएंगे। मस्जिद कमेटी ने प्रशासन को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

बजरंग दल के नेता विकास त्यागी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मस्जिद को अवैध बताया था। उनका दावा है कि यह मस्जिद सरकारी जमीन पर बनी हुई है और इसमें मौजूद डाकघर के अलावा कुछ कमरों को किराए पर दिया गया है, जिसका किराया मस्जिद कमेटी वसूल करती है

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिलाधिकारी मनीष बंसल इस मामले की जांच करवा रहे हैं। सहारनपुर की एडीएम प्रशासन, डॉ. अर्चना द्विवेदी इस बात की जांच कर रही हैं कि मस्जिद जिस जमीन पर बनी है, वह सरकारी संपत्ति है या निजी

पुलिस निरीक्षक (सदर बाजार) सूबे सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई। इस दौरान बाहरी लोगों को मस्जिद में नमाज पढ़ने से रोका गया और उन्हें वापस लौटा दिया गया। मस्जिद कमेटी ने भी माना कि जुमे की नमाज के दौरान परिसर में भीड़ हो जाती है, जिससे अन्य लोगों को असुविधा होती है

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मस्जिद कमेटी और नमाजियों ने शांतिपूर्ण समाधान में प्रशासन का पूरा सहयोग किया। अब जांच पूरी होने के बाद ही यह तय होगा कि यह मस्जिद सरकारी भूमि पर बनी है या निजी संपत्ति पर।