गोपालगंज। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री गुरुवार को बिहार के गोपालगंज पहुंचे, जहां उनकी पांच दिवसीय कथा की शुरुआत हो गई। रामनगर स्थित श्रीराम जानकी मठ में कथा के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित किया और हिंदू एकता पर जोर दिया।
अपने संबोधन में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, “हम यहां अपने लिए नहीं, बल्कि देश के हिंदुओं को जगाने आए हैं। हमारी कोई निजी लड़ाई नहीं है, बल्कि यह 150 करोड़ हिंदुओं की लड़ाई है। हमारे मन में पीड़ा चलती है, इसी के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं।”
उन्होंने कहा, “दुनिया में 65 से अधिक इस्लामिक देश हैं, 95 से अधिक ईसाई देश हैं, यहूदियों का एक देश है और बौद्धों का भी एक देश है। अगर किसी भी देश से मुसलमानों को निकाला जाएगा तो 65 से अधिक देश उन्हें अपनाने के लिए तैयार हैं। ईसाइयों के लिए 95 से अधिक देश खुले हैं, यहूदियों के लिए इजरायल हमेशा खड़ा रहेगा। लेकिन यदि दुनिया में 150 करोड़ हिंदुओं को किसी देश से निकाला जाता है, तो वे कहां जाएंगे? उनके लिए कौन-सा देश खड़ा होगा?”
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने विरोधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा, “जिनको हमारे बिहार आने से दिक्कत है, पहली बात तो यह कि हम किसी का नुकसान करने नहीं आए हैं। हमारा आपसे विवाद क्या है? क्या हम किसी पार्टी के लिए वोट मांगते हैं? हम पूरे देश में जा रहे हैं और हमारा एक ही उद्देश्य है कि जब तक हमारे शरीर में प्राण हैं, तब तक हम हिंदुओं के पक्ष में बोलेंगे और उन्हें एकजुट करने का प्रयास करेंगे।”
उन्होंने कहा, “हम भारत को बंटने नहीं देंगे, हम हिंदुओं को घटने नहीं देंगे। जो लोग हमारे बिहार आने से नाराज हैं और हमारा विरोध कर रहे हैं, हम उन्हें प्रणाम करते हैं।”
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वे गोपालगंज में पांच दिन तक कथा करेंगे और यदि कोई उन्हें रोकने की कोशिश करेगा, तो वे बार-बार यहां आएंगे। उन्होंने कहा, “यदि आप हमें रोकोगे तो हम यहां फिर कथा कहेंगे, फिर भी रोकोगे तो फिर कथा कहेंगे, फिर रोकोगे तो यहां मठ बनाएंगे। फिर रोकोगे तो यहां मकान बनाएंगे। हम हमेशा बोलते हैं, ‘छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं।’ हम किसी का बुरा नहीं करते।”
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने यह भी घोषणा की कि 8 मार्च को गोपालगंज में दिव्य दरबार लगेगा, जहां श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।