मुंबई। ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा ने हाल ही में अपनी एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘करम’ के मशहूर गाने ‘तिनका तिनका’ को याद करते हुए इंस्टाग्राम स्टोरीज पर इस गाने का वीडियो शेयर किया है। अभिनेत्री ने लिखा, “वाह, मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि 20 साल हो गए।” इस फिल्म का निर्देशन संजय एफ. गुप्ता ने किया था और इसमें प्रियंका के साथ जॉन अब्राहम ने मुख्य भूमिका निभाई थी।
फिल्म ‘करम’ 11 मार्च 2005 को रिलीज़ हुई थी और इसे दर्शकों और आलोचकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। इस फिल्म में भरत दाभोलकर, विश्वजीत प्रधान, शाइनी आहूजा, मुरली शर्मा, राजेश खेरा, अंजन श्रीवास्तव, नितिन अरोड़ा, बिक्रमजीत कंवरपाल और सोहेल खान जैसे कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म का गाना ‘तिनका तिनका’ आज भी फैंस के दिलों में बसा हुआ है और इसे अलिशा चिनॉय ने अपनी आवाज़ दी थी।
प्रियंका चोपड़ा इन दिनों सोशल मीडिया पर अपनी आगामी फिल्म की चर्चा में हैं। खबरों के मुताबिक, प्रियंका हाल ही में एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म “एसएसएमबी 29” की शूटिंग के लिए ओडिशा पहुंची हैं। इस फिल्म में वह सुपरस्टार महेश बाबू के साथ नज़र आएंगी। प्रियंका की यह फिल्म तेलुगु सिनेमा में 23 साल बाद वापसी का प्रतीक है। इससे पहले वह 2002 में रिलीज़ हुई पी. रविशंकर की रोमांटिक एंटरटेनर “अपुरूपम” में नजर आई थीं।
प्रियंका ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एयरहोस्टेस के साथ तस्वीरें साझा की हैं, जो देखते ही देखते वायरल हो गईं। उन्होंने हवाई जहाज की खिड़की से बाहर झांकते हुए एक तस्वीर भी पोस्ट की। इसके अलावा, उन्होंने रास्ते में दिखे सुंदर प्राकृतिक दृश्यों और पेड़ों की तस्वीरें भी साझा कीं, जिससे फैंस में फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
अगर रिपोर्ट्स की मानें, तो “एसएसएमबी 29” एक महाकाव्य फिल्म होगी, जिसमें महेश बाबू की भूमिका भगवान हनुमान से प्रेरित मानी जा रही है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना करीब 900-1,000 करोड़ रुपये के भारी भरकम बजट पर बनाई जा रही है और इसे दो भागों में रिलीज करने की योजना है।
बॉलीवुड की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा आखिरी बार 2016 में रिलीज़ हुई शोनाली बोस की फिल्म “द स्काई इज़ पिंक” में नजर आई थीं। इसके बाद से वह हॉलीवुड में सक्रिय रहीं और कई अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में काम किया।
प्रियंका चोपड़ा की इस तेलुगु फिल्म में वापसी से फैंस में काफी उत्साह है और वे उनकी परफॉर्मेंस को लेकर बेहद उत्सुक हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रियंका अपने नए प्रोजेक्ट में किस तरह का जादू बिखेरती हैं।